राजगढ़ः भंडारे में जाने का बोलकर निकले युवक का शव पेड़ पर लटका मिला
राजगढ़, 01 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम देहरा में मंगलवार सुबह 26 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खांकरा के पेड़ पर लटका मिला। युवक सोमवार शाम गांव रसबरी में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए घर से निकला था,लेकिन वह घर नही लौटा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार ग्राम देहरा निवासी राजाराम (26) पुत्र गंगाराम तंवर ने खांकरा के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक राजाराम विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह खेती- किसानी कर परिवार का पालन- पोषण करता था। सोमवार शाम वह रसबरी गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। इसी दौरान मंगलवार सुबह गांव के बाहर पेड़ पर उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से षव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

