राजगढ़ः रेलवे पुलिया के पास पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
राजगढ़, 8 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुरा स्थित रेलवे पुलिया के पास शक्रवार सुबह एक पेड़ पर संदिग्ध हालत में 55 वर्षीय रमेशचंद्र पुत्र दयाराम दांगी, निवासी चांदवड़ (थाना नरसिंहगढ़) का शव लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा।
परिजनों के अनुसार मृतक 5 मई की रात घर से बिना बताए निकल गया था। उसकी जेब से पुलिस को यादव बस का टिकट मिला जिसमें नरसिंहगढ़ से पचोर यात्रा दर्ज थी, साथ ही 6 मई का पचोर से इंदौर और इंदौर से पचोर का रेल टिकट भी बरामद हुआ। शव की पहचान आधारकार्ड में मौजूद फोटो के आधार पर की गई।
परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनका कहना है कि मृतक के सिर पर घसीटन के निशान तथा हाथ में चोट से खून बहने के चिन्ह मिले हैं। साथ ही वह घर से मोबाइल भी साथ नहीं ले गया था। पेड़ पर लगी फांसी मवेशी बांधने वाली रस्सी से लगाई गई, जिससे संदेह और गहरा हो गया है, हालांकि प्रथम दृष्टया पुलिस ने इसे आत्महत्या मानकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

