home page

राजगढ़ः रेलवे ट्रैक पर मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग का संदेह

 | 
राजगढ़ः रेलवे ट्रैक पर मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग का संदेह


राजगढ़, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रुठियाई-मक्सी ट्रेन रुट पर करनवास थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 8 बजे ग्राम देहरीवामन में रेल पटरी पर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान देहरी बामन निवासी बनवारी (25) हरिप्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के कुदाली गांव निवासी प्रिया पुत्री ब्रज वर्मा के रूप में हुई है। दोनों के शव एक ही स्थान के आसपास मिले हैं। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

करनवास थाना प्रभारी संगीता शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक