राजगढ़ः निर्माणाधीन मकान में दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव
राजगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ी में मंगलवार सुबह 20 वर्षीय विवाहिता का शव पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में लटका मिला। महिला का शव मकान में लेंटर के लिए लगाए गए सरियों से दुपट्टे के फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पेटापुरा निवासी और वर्तमान में बांसखेड़ी में रह रही रिंकूबाई (20) पत्नी बनवारी तंवर का शव मंगलवार सुबह घर के पीछे बने सिंह के निर्माणाधीन मकान में मिला। काशीराम पुत्र जगन्नाथ तंवर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, रिंकूबाई की शादी करीब दो साल पहले पेटापुरा निवासी बनवारीलाल तंवर से हुई थी। शादी के बाद वह केवल एक दिन के लिए ससुराल गई थी। इसके बाद से वह अपने मायके बांसखेड़ी में ही रह रही थी। रात में परिवार के साथ देखने गई थी झांकी परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात रिंकूबाई परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांव में लगी माता की झांकी देखने गई थी। इसके बाद परिवार के लोग पहले ही घर लौट आए थे। रिंकूबाई कब घर पहुंची, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। मंगलवार सुबह उसका शव घर के पीछे निर्माणाधीन मकान में मिला। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

