home page

राजगढ़ः कुएं के पास संदिग्ध हालात में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 
राजगढ़ः कुएं के पास संदिग्ध हालात में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, पुलिस ने शुरू की जांच


राजगढ़, 06 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुरा में सोमवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं के समीप मृत मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को जिला चिकित्सालय राजगढ़ भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पवन पुत्र वंशीलाल वर्मा, निवासी सुल्तानपुरा के रूप में हुई है। वह ग्राम के ही पप्पू साहू के कुएं के पास मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने बताया कि युवक पहले शराब का सेवन करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसने गांजा पीना भी शुरू कर दिया था। सोमवार सुबह वह परिजनों को यह कहकर निकला था कि वह मंडी में गेहूं बेचने जा रहा है, लेकिन दोपहर में उसका शव कुएं के समीप मिला। पुलिस का कहना है कि मौके पर शव का शरीर पीला और कड़ा अवस्था में पाया गया, जिससे मृत्यु के कारणों पर संदेह बना हुआ है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल के मरचुरी कक्ष में सुरक्षित रखा गया है,जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक