राजगढ़ःदो दिन से लापता युवक का नाले में मिला शव, परिजन ने जताई हत्या की आशंका
राजगढ़, 20 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम मानकी में रविवार को बेलास के नाले में 20 वर्षीय युवक का शव मिला है। युवक दो दिन से लापता था।
नाले के पास शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर उसकी पहचान खनोटा निवासी देवराज पुत्र मुकेश सौंधिया के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार देवराज गांव में किराना दुकान चलाता था, जबकि उसके पिता खेती करते हैं। परिजनों के अनुसार वह 18 सितंबर को अपने गांव से मानकी जाने का कहकर निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सुठालिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। रविवार को नाले में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव जिस हालत में मिला, उसे देखकर उन्होंने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई। पुलिस के अनुसार युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

