राजगढ़ःछह दिन से लापता 17 वर्षीय किशोरी का जंगल में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
राजगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम शमशेरपुरा के जंगल में मंगलवार सुबह मंदिर के पीछे 17 वर्षीय किशोरी का शव मिला। किशोरी पिछले छह दिनों से लापता थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेजा है। बुधवार को डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों ने किशोरी की हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया था।
जानकारी के अनुसार, किशोरी 30 सितंबर की सुबह मामा के घर से स्कूल जाने का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। परिजनों के अनुसार किशोरी को गांव से बस में जाते हुए देखा गया था। हादसे में युवक की मौत के बाद गहराया संदेह परिजनों ने जामुनियागणेश, कुरावर निवासी 23 वर्षीय अनुराग पिता बालमुकुंद मालवीय पर किशोरी को भगाकर ले जाने की आशंका जताई थी। इसी दौरान 30 सितंबर को मलावर थाना क्षेत्र के पगारीबंगला जोड़ के पास हाईवे पर विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात ट्रक की टक्कर से अनुराग की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले को भी जांच में शामिल किया। रिश्तेदार की निशानदेही पर जंगल से मिला शव पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक अनुराग के रिश्तेदार अभिषेक मालवीय से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर शमशेरपुरा के जंगल में मंदिर के पीछे किशोरी का शव बरामद किया गया।
परिजनों का आरोप है कि किशोरी को अनुराग बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथियों ने उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने मामले में एक युवती के भी शामिल होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किशोरी के अपहरण के बाद उक्त युवती की ओर से मोबाइल पर मैसेज भी आए थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस अब मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

