सुलतानपुर में लापता ई-रिक्शा चालक का शव मिला, हत्या का आरोप
सुलतानपुर, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में तीन दिन से लापता एक ई-रिक्शा चालक का शव बुधवार को नाले के पास मिला। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए पुलिस जांच कर रही है।
नाले में मिले शव की शिनाख्त दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर खुर्द निवासी रामदयाल यादव (50) के रूप में हुई है, जो बीते तीन दिनों से घर से लापता थे। परिजनों ने उनकी तलाश स्वयं की थी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी। आज गांव के एक डिग्री कॉलेज से करीब दो सौ मीटर दूर सूखे नाले के पास रामदयाल का शव मिला। सूचना पर सीओ विनय गौतम इंस्पेक्टर नारद मुनि सिंह मौके पर पहुंचकर जांच की।
परिजनों का कहना है कि 10 साल पहले पत्नी के निधन के बाद रामदयाल यादव ई-रिक्शा चलाकर तीन पुत्र और दो पुत्रियां का भरण पोषण करते थे। वह तीन दिन से लापता थे और आज उनका शव मिला है। सीओ विनय गौतम ने बताया कि ग्राम गोपालपुर खुर्द के कल्लू ने सूचना दी कि उनके पिता रामदयाल की हत्या करके लाश यहां फेंका गया है। फिलहाल पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत आगे की कार्रवाई की जा रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

