home page

चार दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का घर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

 | 
चार दिन से लापता ई-रिक्शा चालक का घर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


हाथरस, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली क्षेत्र स्थित नगला लच्छी गांव में शनिवार रात 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक कन्हैयालाल का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। कन्हैयालाल पिछले चार दिनों से लापता थे। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का संदेह जताया है।

जानकारी के अनुसार, कन्हैयालाल की पत्नी ममता रक्षाबंधन के अवसर पर अपने 12 वर्षीय बेटे जिगर और 10 वर्षीय बेटी कुमकुम के साथ मेरठ स्थित मायके गई हुई थी। कन्हैयालाल के माता-पिता और दो बड़े भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि उसका छोटा भाई संजू अलग मकान में रहता है। चार दिन से कन्हैयालाल का कोई पता नहीं चल रहा था। शनिवार रात उसके घर के अंदर शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया।

मृतक के भाई संजू ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि कन्हैयालाल के हाथ पर चोट के निशान थे। उसने सवाल उठाया कि यदि मामला आत्महत्या का है तो घर का दरवाजा बाहर से बंद कैसे था। संजू के अनुसार, कन्हैयालाल का गांव के कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। इसी आधार पर उसने उन लोगों पर हत्या का संदेह जताया है। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मौत की खबर मिलने के बाद परिजन सासनी के एक निजी अस्पताल में भी पहुंचे, जहां रात करीब नौ बजे हंगामे की स्थिति बन गई। इस दौरान परिजनों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।

फिलहाल पुलिस एसओ योगेश कुमार ने मामले की जांच में जुटे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना