मजदूर का शव कमरे में फंदे से लटका मिला
प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित घूरपुर थाना क्षेत्र के बोगी परेड इलाके में शुक्रवार को एक भट्टा मजदूर का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
डीसीपी यमुना नगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के बलौदा जिले में स्थित पलरी थाना क्षेत्र के लटेरा गांव निवासी वामन यादव (19) के रूप में हुई है। वह तीन भाईयों में सबसे छोटा था। बीते कुछ दिनों से वह एक भट्ठे में मजदूरी करता था। उसका शव बोगी परेड ग्राउंड के पास स्थित कमरे में बल्ली के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीसीपी यमुना नगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि युवक का शव फंदे से लटका मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

