सीमा पार नेपाल में बोरे में मिले शव की हुई शिनाख्त,बनारस के लालजी गुप्ता के रूप में शिनाख्त
अररिया, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में अररिया जिले के जोगवनी (भारत-नेपाल) सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले की बरजू ग्रामीण नगरपालिका-2 के भीमपुर इलाके में, केसेलिया नदी में एक बोरे के अंदर शव मिला था। जिसकी पहचान पुलिस के द्वारा कर ली गई है और शव की पहचान भारतीय नागरिक बनारस के रहने वाले लालजी प्रसाद गुप्ता के रूप में की गई है।
जानकारी सुनसरी पुलिस के प्रवक्ता, डीएसपी चंद्र बहादुर खड्का ने दी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले लालजी प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है। लालजी प्रसाद गुप्ता 40 से अधिक वर्षों से नेपाल में रह रहा था और वे बैटरी का कारोबार करते थे। विराटनगर महानगरपालिका-6 के महावीर रोड पर लाल बैटरी पसल नाम की एक दुकान वह चलाता था। पुलिस ने बताया कि वह विराटनगर में ही रहते थे।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने केसेलिया नदी में एक बोरे के अंदर शव देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर, सुनसरी पुलिस प्रमुख एसपी पुष्प राज मल्ला के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। संदिग्ध हालात में बोरे में बंद भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी,लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और शव की शिनाख्त कराया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

