मोगीनंद के समीप शव मिलने से फैली सनसनी; पच्छाद के ट्रक ड्राइवर के रूप में हुई शिनाख्त
नाहन, 20 मई (हि.स.)। नाहन के औद्योगिक क्षेत्र मोगीनंद के समीप बुधवार उस समय हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जब वहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। रास्ते से गुजरते लोगों ने जब शव को देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में इस शव की शिनाख्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय धनवीर सिंह ठाकुर, पुत्र धर्म सिंह के रूप में हुई है। वह तहसील पच्छाद के अंतर्गत आने वाले हापी (डाकघर जामन की सैर) के निवासी थे और पेशे से एक ट्रक ड्राइवर थे। पुलिस ने तुरंत मृतक के परिवार वालों को इस दुखद घटना की सूचना दी, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस टीम ने शव की पहचान कर ली है। उन्होंने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि घटनास्थल के हालातों को देखकर ऐसा लग रहा है कि पैर फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर अपने आप नीचे गिर गए, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मौत के असली और सटीक कारणों का साफ पता लगाने के लिए कालाअंब पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

