खाली प्लॉट में मिला युवक का सड़ा-गला शव, हत्या कर फेंकने की आशंका
जयपुर, 28 जून (हि.स.)। राजधानी के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक खाली प्लॉट में करीब 35 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करीब तीन दिन पहले कर शव को सुनसान स्थान पर लाकर फेंका गया। पुलिस मृतक की पहचान और हत्या के आरोपितों की तलाश में जुटी है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रोहित नगर स्थित एक खाली प्लॉट से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने आसपास तलाश की। इस दौरान प्लॉट की दीवार के पास एक युवक का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। सूचना पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। शव काफी हद तक सड़-गल जाने के कारण हत्या के तरीके का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर किए जाने के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से खाली प्लॉट में लाकर फेंका गया प्रतीत होता है। मामले की जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि हत्या के कारणों और आरोपितों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

