home page

माइनर में युवक का शव मिला,जांच में जुटी पुलिस

 | 

बाराबंकी 03 अगस्त (हि.स.)। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव के पास सोमवार सुबह माइनर में एक युवक का शव मिला। शव के शरीर और आंख के पास चोट के निशान मिलने से मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अकबरपुर निवासी मुकेश कुमार (24) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुकेश रविवार शाम घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह करीब छह बजे गांव के लोगों ने अकबरपुर चौराहे के निकट माइनर में एक युवक का शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर दरियाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को माइनर से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मुकेश कुमार के रूप में की। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश नशे का आदी था और रविवार शाम से लापता था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शव पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या, दुर्घटना या अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। दरियाबाद कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी