बाग में मिला किशोर का शव, जांच में जुटी पुलिस
कौशांबी, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के काैशांबी जिले में सैनी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ियामई गांव में रविवार सुबह किशोर का शव बाग में मिला। मृतक की पहचान छोटू (14) के रूप में हुई है। किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चाचा राम खिलवान के मुताबिक, छोटू शनिवार काे शौच के लिए घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक बाग में उसका शव मिलने की सूचना मिली तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सर्किल अफसर सत्येंद्र तिवारी ने बताया, किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ कोई अनहोनी हुई है या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

