अवैध बालू लदा डीसीएम जब्त, पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
किशनगंज, 13 अप्रैल (हि.स.)।
पौआखाली थाना क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू से लदे एक डीसीएम वाहन को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई नियमित गश्ती के दौरान पांच गाछी रूट पर की गई, जब पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में बिना किसी वैध कागजात के बालू का परिवहन किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर लंबे समय से अवैध बालू का कारोबार जारी है, लेकिन कार्रवाई कम ही देखने को मिलती है।हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में सोमवार को पौआखाली थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना वैध कागजात के बालू परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

