home page

किराए के नाम पर करोड़ों की ठगी, आरोपित गिरफ्तार

 | 
किराए के नाम पर करोड़ों की ठगी, आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य जिले के देश बंधु रोड (डीबीजी) थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी फ्रॉड के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर एक ही संपत्ति को कई लोगों को लीज पर देने के नाम पर ठगी करने का आरोप है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने अलग-अलग लोगों से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की है।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि मामला 29 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता, जो भारतीय रेलवे में कार्यरत एक दृष्टिबाधित कर्मचारी है, ने आरोप लगाया कि उसने किराए पर मकान लेने के लिए आरोपित रविंद्र गर्ग से संपर्क किया था। आरोपित ने करोल बाग के जोशी रोड स्थित अपनी संपत्ति का सौदा 14.5 लाख रुपये में तय किया और बाकायदा नोटरीकृत लीज भी तैयार कर दी।

लेकिन जब पीड़ित मकान का कब्जा लेने पहुंचा तो पता चला कि वह संपत्ति पहले ही एक फाइनेंस कंपनी के कब्जे में है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित ने 2017 में उसी प्रॉपर्टी पर 98 लाख रुपये का लोन लिया था और डिफॉल्ट होने पर कंपनी ने कब्जा ले लिया था। इसके बावजूद आरोपित ने यह बात छिपाकर पीड़ित से रकम ऐंठ ली। मामले की जांच के लिए एसआई हरविंदर सिंह और महिला कांस्टेबल तनिषा की टीम बनाई गई। पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार मोबाइल नंबर बदल रहा था और ठिकाने भी बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण के जरिए उसके नए नंबर का पता लगाया। लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस ने नंगल देवत गांव में छापा मारकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उस समय वह टैक्सी चालक के रूप में काम कर रहा था।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह एक ही प्रॉपर्टी को कई लोगों को लीज या बिक्री के नाम पर दिखाकर पैसे लेता था और फिर फरार हो जाता था। ठगी के पैसों से उसने टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय शुरू करने की कोशिश की, जो असफल रहा। पुलिस के अनुसार, आरोपित पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस ठगी की रकम और आरोपित की संपत्तियों का पता लगाने में जुटी है ताकि आगे कानूनी कार्रवाई की जा सके। आरोपित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी