यमुनानगर:दिनदहाड़े युवक काे चाकू से गाेदकर आरोपी फरार
यमुनानगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर के हमीदा क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से हमले की घटना सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने मंदिर के समीप उसका रास्ता रोककर उस पर हमला कर दिया। घटना में घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके हाथ पर टांके लगाए गए हैं। पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान आंनद कालोनी निवासी विक्रांत के रूप में हुई है। उसने शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार सुबह अपने काम के लिए घर से निकला था। इसी दौरान मंदिर के पास पहले से मौजूद एक युवक ने उसे रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पुराने विवाद को लेकर पहले गाली-गलौज की और फिर चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले के दौरान पीड़ित को हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। शोर सुनकर उसकी बहन और एक अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इसी बीच दूसरे आरोपी ने भी मौके पर पहुंचकर हमले में साथ दिया। घटना के दौरान आसपास के लोग एकत्रित होने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

