दिनदहाड़े दो करोड़ की ज्वेलरी लूट, चार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
दरभंगा, 04 अप्रैल (हि.स.)। दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र स्थित बड़ा बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार चार अपराधियों ने ‘प्रेम ज्वेलर्स’ दुकान में घुसकर करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की ज्वेलरी और लगभग 20 से 25 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी और डीआईजी मनोज तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आधा दर्जन बाइक सवार अपराधी दुकान पर पहुंचे। चार अपराधी दुकान के अंदर घुस गए, जबकि दो बाहर खड़े होकर आने-जाने वालों पर नजर रखे हुए थे। अपराधियों ने दुकान में रखी ज्वेलरी बैग में भर ली और लोगों को फोन करने से रोकने के लिए उनके मोबाइल पर भी नजर बनाए रखी।
दुकान के मालिक मनोज ठाकुर ने बताया कि उनका ज्वेलरी का होलसेल कारोबार है। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी वे दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान नकाब पहने चार अपराधी दुकान में घुसे और पिस्टल के बल पर ज्वेलरी व नगद लूटकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि लूट की वास्तविक राशि का आकलन अभी किया जा रहा है, जो बढ़ भी सकती है।
स्थानीय दुकानदार के.के. भगत ने बताया कि अपराधियों की योजना काफी सुनियोजित प्रतीत होती है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले इलाके की रेकी की गई थी।
गौरतलब है कि करीब पांच वर्ष पहले इसी क्षेत्र के लाट मार्केट स्थित ‘अलंकार ज्वेलर्स’ में भी दिनदहाड़े पांच करोड़ रुपये से अधिक की ज्वेलरी लूट ली गई थी। हालांकि उस मामले में दरभंगा पुलिस ने बाद में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
इस ताजा घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष है और उन्होंने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

