महिला और बेटी को बंधक बनाकर जेवर-नकदी लेकर फरार हुए बदमाश।
भागलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक महिला और उसकी बेटी को बंधक बनाकर घर में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि रविशंकर कुमार की पत्नी नीतू देवी घर के बाहर खड़ी थीं। उसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें घर के अंदर ले गए। घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने नीतू देवी की आंखों पर पट्टी बांध दी और अलमारी की चाबी मांगी। इसी बीच स्कूल से नीतू देवी की बेटी घर पहुंची तो बदमाशों ने उसे भी एक तरफ बैठाकर चुप रहने की धमकी दी।
इसके बाद बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकद रुपये लूट लिए। जाते समय वे घर का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। जिसे कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद नीतू देवी ने बाहर निकलकर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है और जल्द ही लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

