home page

अनूपपुर: दोहरे हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंधों के चलते बेटी के देवर ने की महिला और उसके प्रेमी की हत्या

 | 
अनूपपुर: दोहरे हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंधों के चलते बेटी के देवर ने की महिला और उसके प्रेमी की हत्या


अनूपपुर, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी में शुक्रवार काे हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में मृतिका लल्ली बाई गोंड की बेटी के देवर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अवैध प्रेम संबंध से नाराज होकर महिला और उसके प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय प्रस्तुरत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बिजुरी थाना प्रभारी विकाश सिंह शनिवार को दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका लल्ली बाई गोंड का पड़ोसी सुरेन्द्र सोनी से प्रेम संबंध था, जिसे आरोपी सुनील सिंह पसंद नहीं करता था। इस बात को लेकर आरोपी ने पहले भी सुरेन्द्र को महिला के घर आने-जाने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और रंजिश बढ़ गई थी। 14 मई 2026 की देर रात सुरेन्द्र सोनी अपनी प्रेमिका लल्ली बाई से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय आरोपी घर के बाहर आंगन में सो रहा था। दोनों को अकेला देखकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई और कुल्हाड़ी से सुरेन्द्र पर हमला कर दिया। सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी ने लल्ली बाई गोंड की भी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खून के निशानों को गोबर से लीपकर मिटाने की कोशिश की। साथ ही वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और अपने खून लगे कपड़ों को भी छिपा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजुरी पुलिस ने एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी हिंसक प्रवृति का है और पूर्व में अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट व प्रताडना की गई है, जिससे प्रताडित होकर उसकी पत्नी के द्वारा आत्महत्या कर ली गई थी, जिस पर आरोपी के विरुद्ध थाना भालूमाडा में दहेज मृत्यु का प्रकरण पंजीबद्ध हुआ था तथा आरोपी दो वर्ष जिला जेल अनूपपुर में था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला