पिता जीवित, मृत दिखाकर बेटियों ने बेच दी जमीन
भागलपुर, 30 मई (हि.स.)। रिश्तों को कलंकित कर देने वाला एक मामला जिले के घोघा थाना क्षेत्र के जानीडीह गांव से सामने आया है। यहां एक वृद्ध पिता ने अपनी ही बेटियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
आरोप है कि बेटियों ने उन्हें कागजों में मृत घोषित कर उनकी जमीन अपने नाम हिस्सेदारी में दिखवाई और बाद में पूरी संपत्ति बेच दी। अब वृद्ध पिता दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। पीड़ित बुनेल यादव ने कहलगांव अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी दोनों विवाहित पुत्रियों ने सुनियोजित तरीके से दस्तावेज तैयार कर उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची।
बुनेल यादव के अनुसार, उनके कोई पुत्र नहीं हैं। करीब बीस वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। वर्तमान में उनकी दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। उन्होंने बताया कि उनके नाम पर लगभग 14 डिसमिल खतियानी जमीन है, जिसका पूरा खाता, खेसरा और अन्य राजस्व संबंधी विवरण आवेदन के साथ प्रशासन को सौंपा गया है। वृद्ध का आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना परिवार के गोतिया बंटवारे का एक दस्तावेज तैयार किया गया।
हैरानी की बात यह है कि उस कथित बंटवारे में न तो उनका हस्ताक्षर है और न ही अंगूठे का निशान। इतना ही नहीं, उन्हें बंटवारे में हिस्सेदार तक नहीं बनाया गया, जबकि उनकी दोनों बेटियों को जमीन का हिस्सेदार दर्शाया गया। बुनेल यादव का कहना है कि इसी कथित हिस्सेदारी के आधार पर उनकी बेटियों ने पूरी जमीन बेच दी। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन तब तक जमीन का सौदा पूरा हो चुका था। वृद्ध ने आरोप लगाया कि संपत्ति बेचने के बाद बेटियों ने उन्हें घर से भी निकाल दिया।
उन्होंने प्रशासन को दिए आवेदन में अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वृद्धावस्था में उनके पास न रहने का ठिकाना बचा है और न ही जीविका का कोई साधन। आज वे असहाय होकर न्याय की उम्मीद में सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को विवश हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल कानून का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं।
बुनेल यादव ने मांग की है कि कथित फर्जी बंटवारे और जमीन बिक्री की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनकी जमीन वापस दिलाई जाए। प्रशासन की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

