home page

पीतल कारोबारी की बेटी ने प्रेमी से अपने घर में करवा दी 1.20 करोड़ की डकैती, प्रेमी- प्रेमिका समेत पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
पीतल कारोबारी की बेटी ने प्रेमी से अपने घर में करवा दी 1.20 करोड़ की डकैती, प्रेमी- प्रेमिका समेत पांच आरोपित गिरफ्तार


-एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, सीओ सुनीता ढहिया ने किया खुलासा

-पकडे़ गए आरोपितों के कब्जे से 47 लाख रुपये नकद, तमंचे और दो कारें बरामद

मुरादाबाद, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद महानगर के थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कंपाउंड में तीन दिन पहले पीतल कारोबारी एवं प्रापर्टी डीलर इमरान के घर हुई 1.20 करोड़ रुपये की डकैती का थाना नागफनी पुलिस ने गुरुवार को सनसनीखेज खुलासा कर दिया। कारोबारी की बेटी अरीबा ने ही अपने प्रेमी अमरोहा निवासी अरशद वारसी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में गुरुवार काे बेटी व अमरोहा निवासी उसके प्रेमी समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकडे़ गए आरोपितों के कब्जे से 47 लाख रुपये नकद, तमंचे और दो कारें बरामद की हैं। मामले में फरार अन्य 6 आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

मुरादाबाद जनपद के थाना डिलारी क्षेत्र की ढकिया नगर पंचायत निवासी इमरान पिछले दस वर्षों से मुरादाबाद में रहकर पीतल कारोबार और प्रॉपर्टी का काम करते हैं। दो साल पहले उन्होंने नागफनी के बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड में मकान बनवाया था, जहां वह पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते हैं। इमरान के अनुसार बीते सोमवार को जिगर कॉलोनी स्थित एक प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री होनी थी, जिसके लिए उन्होंने 1 करोड़ 20 लाख रुपये घर में रखे थे। पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात वह बड़े बेटे अरीब के साथ एक कमरे में सो रहे थे।

दूसरे कमरे में दोनों बेटियां थीं, जबकि पत्नी सीमा छोटे बेटे अरकान के साथ हॉल में सो रही थीं। सोमवार तड़के करीब 3:40 बजे छह नकाबपोश बदमाश मकान के अंदर घुस आए। आरोपित सीधे पहली मंजिल स्थित हॉल तक पहुंचे और परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने बेड के पास रखी छोटी टेबल से 1.20 करोड़ रुपये की नकदी और करीब 6 तोला सोना समेट लिया। घनी आबादी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद लखनऊ तक हडकंप मच गया था। घटना के बाद बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मौके पर पहुंच कर जांच की थी।

गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह सदर कोतवाली सर्कल की क्षेत्राधिकारी सुनीता ढहिया ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वारदात में इस्तेमाल कारों के नंबर बदले गए थे लेकिन टोल प्लाजा पार करने से पहले असली नंबर प्लेट लगा दी गई थी। इससे पुलिस को वाहनों के वास्तविक नंबर मिल गए। इसके बाद पुलिस ने कार मालिक कुलदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे गिरोह का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने कारोबारी की बेटी अरीबा के प्रेमी अमरोहा जनपद के थाना नौगांवा सादात क्षेत्र के मकदूमपुर निवासी अरशद वारसी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर रवि कुमार निवासी बिजरा और निक्की निवासी तिगरिया भूड़, गजरौला अमरोहा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि अरशद आईएफटीएम में पढ़ाई करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कारोबारी की बेटी अरीबा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया और वह शादी करना चाहते थे। पुलिस के अनुसार अरशद साधारण परिवार से था, इसलिए अरीबा ने प्रेमी की आर्थिक मदद के लिए अपने ही घर में डकैती कराने की योजना बनाई। पुलिस जांच में सामने आया कि जनवरी माह से ही घटना को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी। अरीबा ने प्रेमी को घर की पूरी जानकारी दी थी। यहां तक कि उसने यह भी कहा था कि घटना के बाद उसके पिता पुलिस को पूरी जानकारी नहीं देंगे। इसी भरोसे पर आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 47 लाख रुपये नकद, तमंचे और दो कारें बरामद की हैं। बाकी फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल