पिता की हत्या की आरोपित बेटी आशिक संग गिरफ्तार
बस्ती 23 अगस्त (हि.स.)।कृष्णा हत्या की घटना का 24 घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए थाना दुबौलिया पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही के आधार पर आला कत्ल एक हंसिया, गमछा,व सात सौ रुपये बरामद किया है । मिली जानकारी के अनुसार,दुबौलिया में प्रेमी के साथ मिलकर बेटी ने अपने ही पिता की हंसिया और गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक के भाई काशी प्रसाद की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। रविवार काे पुलिस ने घटना का आवरण करते हुए मृतक की बेटी के प्रेमी लक्ष्मण पुत्र राजू निवासी बभरौली थाना दुबौलिया जनपद बस्ती व बेटी दुर्गा पुत्री स्व. कृष्णा प्रसाद निवासी रमवापुर तिवारी थाना छावनी जनपद बस्ती को शनिवार को जैतापुर मोड़ रामजानकी मार्ग से हिरासत लेकर जेल भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि 21 अगस्त को दोपहर में वे दोनों बभरौली खेत में नहर के पास मिलने गये थे, तभी दुर्गा के पिता कृष्णा प्रसाद वहां आ गये और उन्हें देखकर मारने लगे। तभी उन दोनों ने मिलकर कृष्णा प्रसाद को पकड़ कर पटक दिया। हंसिया से उनके गले और सीने पर तथा हंसिया की मुठिया से सिर पर प्रहार किया। लक्ष्मण उनके सीने पर चढ़ गया, और दोनों लोग मिलकर उनके गमछे से गला कस कर उनकी हत्या कर दी। जब विश्वास हो गया कि कृष्णा प्रसाद मर गए हैं तो उसके शव को नहर में फेंक दिया। हंसिया भी वहीं फेक कर छिप गए। इसके बाद दाेनाें नासिक भागने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी

