दतिया: बच्चों के सामने पत्नी की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या, रातभर शव के पास बैठा रहा पति
दतिया, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक पति ने अफेयर के शक में अपनी पत्नी की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
वारदात के दौरान दंपती के बच्चे घर में ही मौजूद थे। मां को पिटता देख दोनों बच्चे डरकर पड़ोस में भाग गए। शुक्रवार सुबह जब बच्चे घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां को मृत अवस्था में पाया, जबकि उनका पिता हाथ में डंडा लिए शव के पास बैठा था।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशा आदिवासी के रूप में हुई है। वह सेंवढ़ा रोड स्थित एक आदिवासी डेरे में रहती थी। मृतका और उसका पति कालीचरण आदिवासी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी पर अवैध संबंधों का शक होने के कारण यह वारदात की।
शराब पीने के बाद हुआ विवाद
मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात उसके माता-पिता घर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी कालीचरण ने गुस्से में आकर पत्नी पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता के बीच बढ़ते झगड़े को देखकर दोनों भाई डरकर पड़ोस में जाकर सो गए थे। शुक्रवार सुबह जब दोनों बच्चे घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां की लाश देखी। वहीं उनका पिता हाथ में डंडा लेकर शव के पास बैठा था। आरोपी ने बच्चों से कहा कि वह पुलिस स्टेशन जा रहा है और वहां से निकल गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी बच्चों ने पड़ोसियों को दी। इसके बाद पड़ोसियों ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पत्नी के कथित प्रेमी को भी मारने जा रहा था
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि आरोपी को बस से पकड़ लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पत्नी का कथित प्रेमी उत्तर प्रदेश के चिरगांव क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव का रहने वाला है। आरोपी ने उसे शिवपुरी जिले के पिछोर बुलाया था और वहां उसकी हत्या करने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे बस से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

