home page

दतिया : 12 घंटे में चोरी का खुलासा, 22.20 लाख का माल बरामद, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
दतिया : 12 घंटे में चोरी का खुलासा, 22.20 लाख का माल बरामद, तीन आरोपित गिरफ्तार


दतिया, 3 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया पुलिस ने चोरी की एक वारदात का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए 8 लाख 60 हजार रुपये नकद और करीब 13 लाख 60 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद कुल मशरूका की कीमत करीब 22 लाख 20 हजार रुपये है।

पुलिस अधीक्षक दतिया मयूर खंडेलवाल ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में चोरी की कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बसई थाना प्रभारी विवेक राय और उनकी टीम ने अपराध दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर चोरी गया पूरा माल बरामद करने में सफलता हासिल की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला और एसडीओपी आकांक्षा जैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम जैतपुर निवासी विनोद साहू पुत्र हरप्रसाद साहू, उम्र 58 वर्ष, ने 3 अक्टूबर को बसई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक 1 अक्टूबर को अज्ञात व्यक्ति उसके घर की दुकान में रखा बैग चोरी कर ले गया। बैग में 8 लाख 60 हजार रुपये नकद और करीब 13 लाख 60 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवर रखे थे। शिकायत के आधार पर थाना बसई में अपराध क्रमांक 193/26, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले में टीम गठित कर संदेह के आधार पर एक अपचारी बालक से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अपचारी बालक ने बताया कि उसने 1 अक्टूबर को अपने फूफा के घर से नकदी और जेवर से भरा बैग उठाया था और उसे रिंकेश प्रजापति को दे दिया था। इसके बाद रिंकेश ने 8 लाख 60 हजार रुपये नकद अपने मामा रामसिंह के ग्राम हरिनगर स्थित घर में रख दिए, जबकि सोने के जेवर जैतपुर जंगल रेंज में छिपा दिए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राम सिंह पुत्र भग्गू प्रजापति, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम हरिनगर, थाना पिछोर, जिला शिवपुरी, रिंकेश पुत्र गणेश प्रजापति, निवासी ग्राम जैतपुर, थाना बसई, जिला दतिया और एक अपचारी बालक को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी रिंकेश की निशानदेही पर जैतपुर जंगल रेंज से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। इनमें करीब दो लाख रुपये नकद, एक बेंदी, एक नथ, तीन जोड़ी कानों के बाला तथा अन्य सोने के पुराने इस्तेमाल किए हुए आभूषण शामिल हैं। बरामद सोने के आभूषणों की कुल कीमत करीब 13 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष तिवारी

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा