home page

दतिया पुलिस की बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय मूर्ति चोर सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख की चांदी की मूर्ति बरामद

 | 
दतिया पुलिस की बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय मूर्ति चोर सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख की चांदी की मूर्ति बरामद


भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दतिया पुलिस ने जैन धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल सोनागिर जैन मंदिर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय शातिर मूर्ति चोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपए मूल्य की चांदी की मूर्ति, चांदी का सिंहासन, यंत्र और अन्य सामग्री भी बरामद कर ली है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार काे दी गई जानकारी के अनुसार, 4-5 अप्रैल की दरमियानी रात सोनागिर पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध जैन मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति और अन्य कीमती सामग्री चोरी हो गई थी। यह मंदिर जैन समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थाना स्तर, तकनीकी शाखा और साइबर सेल के अधिकारियों को शामिल किया गया।

तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी गई पूरी संपत्ति भी बरामद कर ली गई।

इनामी और शातिर आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में एक अंतरराज्यीय शातिर मूर्ति चोर शामिल है, जिस पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, यह आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों में करीब 100 से अधिक मूर्ति चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। इसके अलावा दो स्थानीय सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

सतत कार्रवाई से अपराध पर लगाम

पुलिस का कहना है कि प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे