दतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ युवक गिरफ्तार
दतिया, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उनाव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बुधवार को थाना प्रभारी उनाव निरीक्षक यतेंद्र भदौरिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घिसलनी-उनाव रोड स्थित पहाड़िया क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियारों के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवलकिशोर उर्फ अभिषेक झां (23) निवासी ग्राम सरसई, जिला दतिया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से तीन देशी कट्टे 315 बोर, एक पिस्टल 32 बोर, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लाया था और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

