दतिया : नदी में मिली महिला की हत्या का खुलासाः प्रेमी पर हत्या का केस दर्ज, टैटू से हुई शिनाख्त
दतिया , 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर में पहूज नदी में सोमवार को महिला का शव मिला था इस मामले में पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया कि उसकी हत्या उसके प्रेमी ने की है।
पंडोखर थाना क्षेत्र में पुराने पुल के नीचे महिला का शव नदी में मिला था। महिला की पहचान उसके दाहिने हाथ पर गुदे टैटू 'मां' लिखे से हुई। इसी निशान को आधार बनाकर पुलिस ने विभिन्न राज्यों से संपर्क साधा और शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजावत व उनकी टीम ने पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने हत्या के आरोप में इंदरगढ़ क्षेत्र के मैथाना पाली निवासी बंटी दोहरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि महिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी और लगातार ब्लैकमेल कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बंटी दोहरे करीब पांच साल पहले सुरत की एक फैक्ट्री में काम करता था। वहीं उसकी पहचान जौनपुर निवासी राधिका से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। महिला दो बच्चों की मां थी और पति से अलग रह रही थी, जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी कोई संतान नहीं है। करीब डेढ़ साल पहले आरोपी दतिया लौट आया था, लेकिन महिला लगातार उससे संपर्क में थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला आरोपी पर पत्नी को छोड़कर शादी करने का दबाव बना रही थी। इतना ही नहीं, उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आरोपी की पत्नी को अश्लील मैसेज और धमकियां भी भेजीं, जिसकी शिकायत पहले ही भांडेर थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी। घटना वाले दिन 23 मई को महिला सूरत से दतिया पहुंची। यहां उसे जानकारी मिली कि आरोपी पंडोखर में है, जिसके बाद वह उससे मिलने पहुंच गई। दोनों पहूज नदी के पुराने पुल के पास पहुंचे, जहां मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोपी ने महिला के मोबाइल में अपनी पत्नी से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो और फर्जी आईडी देखी। इसी दौरान महिला ने शादी नहीं करने पर बदनाम करने और फंसाने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार, गुस्से में आरोपी ने महिला की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। महिला बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपी ने महिला के दोनों मोबाइल भी तोड़कर नदी में फेंक दिए। 25 मई को ग्रामीणों ने नदी में महिला का शव उतराता हुआ देखा था। सूचना पर पंडोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल, साइबर सेल व फिंगर प्रिंट टीम की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की पहचान हुई और आरोपी तक पुलिस पहुंच गई।
आरोपी की निशानदेही पर महिला का बैग और घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। दतिया एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

