दतिया में पिता की हैवानियत: बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला, जबड़ा टूटा; आईसीयू में भर्ती
दतिया, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। उनाव थाना क्षेत्र में एक पिता ने शुक्रवार को पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 24 वर्षीय बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में युवती के चेहरे और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवती को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपित पिता मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घायल युवती की पहचान उनाव निवासी राखी दोहरे (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राखी के घर से बिना बताए बाहर जाने को लेकर उसके पिता प्रकाश दोहरे (55) नाराज थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में राखी का जबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही उनाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया है।
पुलिस ने आरोपित पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवती के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के अनुसार राखी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी, लेकिन कुछ समय पहले उसके पति का निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि घर से आने-जाने की बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच पहले भी विवाद होता रहा था।
उनाव थाना प्रभारी यतेंद्र भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद प्रकरण में आवश्यक धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

