home page

दतिया में भाजपा पार्षद की दिनदहाड़े गाेली मारकर हत्या, दो राउंड फायरिंग से फैली सनसनी

 | 
दतिया में भाजपा पार्षद की दिनदहाड़े गाेली मारकर हत्या, दो राउंड फायरिंग से फैली सनसनी


दतिया, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मंदिर से लौट रहे भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जहां हमलावरों ने सरेआम दो राउंड फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वार्ड नंबर-1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा रोज की तरह सुबह टहलने के लिए चौराहे पर पहुंचे थे। उनके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान तीन बदमाश वहां आए और बिना किसी चेतावनी के उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में एक गोली उनके सिर में और दूसरी पीठ में लगी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुरानी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच

एसडीओपी आकांक्षा जैन के अनुसार, कल्लू कुशवाहा पर हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में वे भाजपा के टिकट पर पार्षद चुने गए थे। वहीं, 18 फरवरी 2025 को दतिया कोर्ट ने पूर्व पार्षद बाल किशन कुशवाहा की हत्या के मामले में कल्लू समेत छह आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। बाद में हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी और करीब चार महीने पहले ही वे जेल से बाहर आए थे।

नगर पालिका की बैठक स्थगित, दी गई श्रद्धांजलि

घटना के बाद नगर पालिका का बजट सम्मेलन स्थगित कर दिया गया। बैठक की शुरुआत में सभी पार्षदों ने दिवंगत पार्षद को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा। नगर पालिका अध्यक्ष के बेटे प्रशांत ढेंगुला ने बताया कि बजट पहले ही प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) में पारित हो चुका है, इसलिए इसे स्वतः स्वीकृत माना जाएगा और विकास कार्य प्रभावित नहीं होंगे।

मृतक के भाई शेरू कुशवाहा ने छह लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है, जिनमें गोलू कुशवाहा, सुधीर कुशवाहा, पंकज उर्फ छोटू कुशवाहा, उमेश कुशवाहा, साहब सिंह यादव और प्रवीण वाल्मीकि शामिल हैं।

इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट

हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे