15 हजार रुपये रिश्वत लेते डाटा ऑपरेटर रंगेहाथ गिरफ्तार
सुपौल, 24 सितंबर (हि.स.)। जिला परिवहन कार्यालय में गुरुवार को विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो, पटना की टीम ने कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग के डाटा ऑपरेटर नंदलाल कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद जिला परिवहन कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ललितग्राम थाना क्षेत्र के मधुबनी निवासी अजहर अली ने कथित रूप से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो से की थी। शिकायत के आधार पर ब्यूरो की टीम ने मामले की जांच की और शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को पटना से पहुंची विजिलेंस की नौ सदस्यीय टीम ने जिला परिवहन कार्यालय में छापेमारी की। टीम ने निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए डाटा ऑपरेटर नंदलाल कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी डाटा ऑपरेटर को अपने साथ लेकर आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो गई।
विजिलेंस की कार्रवाई की जानकारी देते हुए डीएसपी विद्याचल प्रसाद ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम ने कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मामले में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि रिश्वतखोरी की शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की निगरानी की और साक्ष्य जुटाने के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला परिवहन कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना रहा।
विजिलेंस की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। मामले में गिरफ्तारी के बाद अब ब्यूरो की ओर से आगे की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

