टेडी बियर के भीतर छुपा कर रखे गए लाखों रुपये के गहने चोरी
दासपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के हाजराबेड़ गांव में एक हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने घर में रखे एक टेडी बियर को फाड़कर उसके भीतर छिपाए गए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
घर के मालिक श्यामसुंदर मंडल ने बताया कि वह चार अगस्त को अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए भुवनेश्वर स्थित एम्स गए थे। उनका पुत्र राजत मंडल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहता है। घर में वृद्ध मां अकेली न रहें, इसलिए उन्हें एक रिश्तेदार के यहां छोड़ दिया गया था।
छह अगस्त गुरुवार की सुबह घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के भीतर रखी दोनों अलमारियां खुली और सामान बिखरा पड़ा था। फर्श पर लाल रंग का टेडी बियर फटा हुआ पड़ा था। उसी टेडी बियर के भीतर एक डिब्बे में 100 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। इसके अलावा घर से कुछ नकदी और कीमती साड़ियां भी चोरी हो गईं।
सूचना मिलने पर दासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरी की घटना की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

