home page

दांतन में बैंक के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, आरोपित गिरफ्तार

 | 
दांतन में बैंक के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, आरोपित गिरफ्तार


पश्चिम मेदिनीपुर, 07 सितंबर (हि. स.)। जिले के दांतन के कांकराजि में एक सरकारी बैंक की शाखा के नाम का इस्तेमाल कर ग्रामीणों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मेदिनीपुर साइबर अपराध थाने के अधिकारियों ने मामले में गिरफ्तार आरोपित राजीव मायती को साथ लेकर सोमवार को विभिन्न स्थानों पर जांच की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान राजीव मायती को सबसे पहले उस बैंक की शाखा में ले जाया गया, जहां वह काम करता था। वहां साइबर अपराध थाने के अधिकारियों ने काफी देर तक जांच की और कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। इसके बाद दांतन थाने की पुलिस को साथ लेकर कांकराजि गांव में भी जांच की गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, राजीव पर ग्राहक सेवा केंद्र खोलकर ग्रामीणों से कई करोड़ रुपये लेने का आरोप है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद वह इलाके से फरार हो गया था। बाद में उसके खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज होने पर मेदिनीपुर साइबर अपराध थाने की पुलिस ने जांच शुरू की और उसे गिरफ्तार किया।

सोमवार को आरोपित को साथ लेकर बैंक और गांव में जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े नए तथ्य और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता