home page

दमोह:सुनार नदी में मिले महिला के शव के अंधे हत्याकांड का खुलासा, छतरपुर से आरोपी गिरफ्तार

 | 
दमोह:सुनार नदी में मिले महिला के शव के अंधे हत्याकांड का खुलासा, छतरपुर से आरोपी गिरफ्तार


दमोह, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी के किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए छतरपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव को सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया था। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को थाना दमोह देहात क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नरसिंहगढ़ के पास सुनार नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। इस संबंध में मर्ग क्रमांक 126/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई थी।

महिला की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने दमोह सहित आसपास के सीमावर्ती जिलों में गुमशुदगी की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पता चला कि जबलपुर जिले के थाना घमापुर में अर्चना पति मलखान सिंह कोरकू निवासी बम्होरी तिराहा, सागर की गुमशुदगी दर्ज है। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के तहत शव का उत्खनन कराया गया और परिजनों से पहचान कराई गई। परिजनों ने शव की पहचान अर्चना कोरकू के रूप में की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), तकनीकी साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसमें हरिराम उर्फ कल्लू पिता नारायणदास यादव उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम बरेठी, थाना बमीठा, जिला छतरपुर की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 725/26 धारा 103(1) बीएनएस एवं एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5क), 3(2)(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

आरोपी पर घोषित किया गया था इनाम

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित करते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की थी। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 20 नवंबर को ग्राम बरेठी, थाना बमीठा, जिला छतरपुर पहुंचकर आरोपी हरिराम उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 की रात्रि में उसने अर्चना कोरकू का गला दबाकर हत्या कर दी थी और इसके बाद नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में फेंक दिया था। आरोपी पेशे से ट्रक चालक है। पुलिस द्वारा आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर हत्या के कारणों सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव