दमोहः पुलिस का स्पा सेंटर पर छापा, संचालक समेत 7 हिरासत में
दमोह, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में पुलिस ने गुरुवार देर शाम अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गुल्ली क्षेत्र स्थित यूनिक द थाई स्पा सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के संचालक सहित सात लोगों को हिरासत में लिया। मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के भीतर से तीन ग्राहक, तीन वयस्क युवतियां और संचालक को हिरासत में लिया गया। इसके बाद सभी को पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) एच.आर. पांडे ने बताया कि स्पा सेंटर का संचालन रीवा निवासी मोहम्मद आफताब अली कर रहा था। मौके से भगवानदास, अंकुर और पप्पू नामक तीन ग्राहक भी मिले। इसके अलावा तीन वयस्क युवतियां भी स्पा सेंटर से मिली हैं, जिनमें एक जबलपुर और एक कोलकाता की निवासी बताई गई है। सभी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्पा सेंटर की आड़ में यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।
सीएसपी एच.आर. पांडे ने कहा कि दमोह शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटरों और ऐसे प्रतिष्ठानों पर भी पुलिस की निगरानी बनी हुई है। यदि किसी स्थान पर अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

