दमोह: दुष्कर्म मामले में नया मोड़, रेलवे ट्रैक पर मिला आरोपी जनपद सदस्य का शव
दमोह, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म मामले में शुक्रवार सुबह बड़ा घटनाक्रम सामने आया। शुक्रवार प्रातः एक व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बाद में शव की पहचान दुष्कर्म मामले के नामजद आरोपी जनपद सदस्य कुंदन आदिवासी के रूप में हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मगरोन थाने में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला संगीन धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। नामजद आरोपी की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह जबलपुर चौकी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई, जो प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटने का मामला प्रतीत हुआ। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
एसडीओपी प्रिया सिंधी सहित थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहे। शव का पंचनामा बनाकर पहचान कराई गई, जिसमें परिजनों ने मृतक की पहचान कुंदन आदिवासी के रूप में की। पुलिस द्वारा आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि मगरोन थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय नाबालिग ने आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मेडिकल परीक्षण में पीड़िता के लगभग पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था और उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। इस घटनाक्रम से दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आ गया है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

