home page

दमोह: गर्भवती गाय की हत्या मामले में नौ आरोपी गिरफ्तार

 | 
दमोह: गर्भवती गाय की हत्या मामले में नौ आरोपी गिरफ्तार


दमोह, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह शहर में गत 3 अक्टूबर को सामने आए गर्भवती गाय की हत्या के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर शनिवार को कसाई मंडी क्षेत्र में एक गर्भवती गाय की हत्या किए जाने की सूचना सामने आई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटाघर क्षेत्र में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ तथा शहर में तनाव की स्थिति बनी रही।

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। प्रदर्शनकारियों द्वारा मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश तेज की।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कसाई मंडी और नूरी नगर क्षेत्र में जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों के संबंध में लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर संबंधित स्थानों को चिन्हित कर पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी गई।

पुलिस की कार्रवाई के साथ ही प्रशासन, नगर पालिका और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने भी संबंधित क्षेत्रों में निरीक्षण और कार्रवाई की। अधिकारियों द्वारा चिन्हित स्थानों की जांच की गई तथा कुछ स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई।

पुलिस के अनुसार लगातार प्राप्त सूचनाओं और जांच के आधार पर सोमवार को नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने बताया कि मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार किए गए नौ आरोपियों को सोमवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली थाना परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इसके अलावा न्यायालय परिसर और न्यायालय की ओर जाने वाले मार्ग पर भी लोगों की भीड़ दिखाई दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।

पुलिस अब मामले की विवेचना के दौरान घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव