दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11.90 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
दमोह, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 11 लाख 90 हजार रुपये मूल्य की 119.95 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर दमोह देहात थाना एवं सागर नाका चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 119.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान राजू उर्फ राजेश कुमार मिश्रा (51) निवासी शोभानगर, थाना कोतवाली दमोह तथा आयुष श्रीवास्तव (32) निवासी गोविंद विहार कॉलोनी, थाना गोपालगंज, जिला सागर के रूप में हुई है। दोनों आरोपिताें के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्हाेंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित वातावरण देने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली दमोह देहात थाना एवं सागर नाका चौकी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता, समन्वय और त्वरित कार्रवाई के कारण यह सफलता प्राप्त हुई है।
पुलिस विभाग के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। मई माह के दौरान जिले में सात अलग-अलग कार्रवाइयों में 42 किलो 535 ग्राम गांजा और 119.95 ग्राम स्मैक जब्त की जा चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

