home page

दमोह: पथरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 304 पेटियां अवैध शराब जब्त, 15.30 लाख की खेप पकड़ी

 | 
दमोह: पथरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 304 पेटियां अवैध शराब जब्त, 15.30 लाख की खेप पकड़ी


दमोह 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में थाना पथरिया पुलिस ने रेलवे पुलिया के पास एक निर्माणाधीन मकान और बोलेरो पिकअप वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 304 पेटियां (2777.76 लीटर) अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15.30 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई रविवार को पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में की गई। वहीं थाना प्रभारी पथरिया अमित मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिसबताया गया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे पुलिया के पास एक चार पहिया बोलेरो पिकअप वाहन में अवैध शराब लाकर निर्माणाधीन मकान में उतारी जा रही है। सूचना मिलते ही थाना पथरिया पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वाहन चालक पिकअप को मकान के अंदर ले गया और शटर बंद करने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी देखकर आरोपी घबरा गया और मकान के पीछे लगे पेड़ के सहारे कूदकर फरार हो गया।

तलाशी में मिली भारी मात्रा में शराबपुलिस ने मकान और वाहन की तलाशी ली, जहां अंदर बड़ी संख्या में शराब की पेटियां रखी मिलीं। गिनती करने पर कुल 304 पेटियां (2777.76 लीटर) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में निर्माणाधीन मकान का मालिक कोमल अहिरवार निवासी जिला सागर बताया गया। पुलिस ने मकान मालिक और फरार पिकअप चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरूपुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव