दमोह में शादी के नाम पर ठगी का आरोप, दुल्हन समेत तीन गिरफ्तार; फर्जी आधार कार्ड की भी जांच
दमोह, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी कर नकदी और जेवर हड़पने के मामले में दमोह देहात पुलिस ने दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और 7,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच के दौरान कई युवतियों के कथित फर्जी आधार कार्ड मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों और पूर्व में इस तरह की घटनाओं की भी पड़ताल कर रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक ए.आर. पांडे ने सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण की जांच के आधार पर नर्मदा पटेल, मालती पटेल और खुशबू राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम बांसा तारखेड़ा निवासी 38 वर्षीय दिनेश विश्वकर्मा ने दमोह देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव की रहने वाली नर्मदा पटेल ने उसकी मुलाकात सागर जिले के केनेरा निवासी नीरज पटेल और मालती पटेल से कराई थी। इसके बाद जबलपुर के रांझी निवासी खुशबू राजपूत से दिनेश का विवाह कराने की बात तय हुई।
पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को रानगिर मंदिर में दिनेश और खुशबू का विवाह कराया गया। शादी के दौरान खुशबू को 1.70 लाख रुपये नकद और करीब 2.40 लाख रुपये कीमत के जेवर दिए गए थे।
शिकायत के मुताबिक शादी के तीन दिन बाद 23 अप्रैल को मालती पटेल खुद को खुशबू की बड़ी बहन बताते हुए बांसा तारखेड़ा पहुंची। उसने कुछ दिनों बाद खुशबू को वापस भेजने की बात कही और उसे अपने साथ जबलपुर ले गई। इसके बाद खुशबू कथित तौर पर वापस नहीं लौटी और दिनेश से संपर्क भी नहीं किया। इसके बाद दिनेश ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान 28 अगस्त को नर्मदा पटेल और मालती पटेल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस को मालती पटेल द्वारा अपने पति नीरज उर्फ धीरज पटेल के साथ मिलकर शादी के नाम पर पैसे कमाने की जानकारी मिलने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक नीरज पटेल के खिलाफ पन्ना जिले के अमानगंज में भी कथित लुटेरी दुल्हन से संबंधित अन्य मामले सामने आए हैं और वह फिलहाल पन्ना जेल में बंद है। जांच के दौरान मालती पटेल के मोबाइल फोन में कई युवतियों के कथित फर्जी आधार कार्ड मिलने की बात भी पुलिस ने कही है। इन दस्तावेजों और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार 31 अगस्त को खुशबू राजपूत को जबलपुर के रांझी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि दमोह की घटना के बाद खुशबू ने राजस्थान के कोटा में दूसरी शादी भी कर ली थी। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
नर्मदा पटेल और मालती पटेल को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 7,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 340(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों तथा इस तरह की पूर्व घटनाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में दमोह देहात थाना निरीक्षक धर्मेंद्र उपाध्याय, सागर नाका पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विक्रम दांगी, प्रधान आरक्षक रामकुमार, आरक्षक अखिलेश, योगेंद्र एवं मनीष, महिला आरक्षक रचना विश्वकर्मा, महिला सैनिक गीता पटेल तथा सैनिक महफूज शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

