home page

दमोहः लोकायुक्त ने 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को रंगे हाथ दबोचा

 | 
दमोहः लोकायुक्त ने 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को रंगे हाथ दबोचा


दमोहः लोकायुक्त ने 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को रंगे हाथ दबोचा


दमोहः लोकायुक्त ने 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को रंगे हाथ दबोचा


दमोह, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय पर सागर लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार की रात बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग से जुड़े तीन कर्मचारियों को 80 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रात्रि लगभग 8:00 बजे दमोह-जबलपुर आम रोड स्थित स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर की गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार आवेदक नवेन्द्र कुमार आठया (36) पुत्र गिरधारी लाल आठया प्राथमिक शिक्षक विज्ञान, तात्कालिक शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेरा, जिला दमोह, निवासी ग्राम करैया जोशी तहसील हटा ने लोकायुक्त कार्यालय सागर पहुंचकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आवेदक ने बताया था कि उसकी निलंबन अवधि से बहाली कराने तथा विभागीय जांच समाप्त करवाने के एवज में शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों द्वारा 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।आवेदन प्राप्त होने के बाद शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर आज नियोजित ट्रैप कार्रवाई की गई।

लोकायुक्त पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिल कुमार साहू (40) पुत्र हलकाई प्रसाद साहू, माध्यमिक शिक्षक, माध्यमिक शाला भूरी, संकुल उर्दू स्कूल दमोह निवासी – बीएसएनएल कॉलोनी दमोह, मनोज कुमार श्रीवास्तव (58) पुत्र स्व. आरसी श्रीवास्तव, सहायक ग्रेड-2, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी दमोह निवासी – वसुंधरा कॉलोनी, जैन मंदिर के पास, सेंट्रल स्कूल के सामने दमोह और नीरज कुमार सोनी (45) पुत्र स्व. कमल प्रसाद सोनी, सहायक ग्रेड-3, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी दमोह निवासी – राधारमण मंदिर के पास, असाटी वार्ड दमोह शामिल है।

यह पूरी कार्रवाई दमोह-जबलपुर आम रोड पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने की गई, जहां पूर्व निर्धारित योजना के तहत आवेदक को रिश्वत की राशि लेकर भेजा गया था। जैसे ही आरोपीगणों ने रकम प्राप्त की, पहले से तैनात लोकायुक्त दल ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। मौके पर नकद राशि जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया तथा आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ की गई। देर रात तक अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी रही। इस सफल ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं निरीक्षक रंजीत सिंह ट्रैपकर्ता रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव