home page

पांच मामलों में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपी पकड़े

 | 
पांच मामलों में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपी पकड़े


पांच मामलों में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपी पकड़े


दमोह, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के दमोह की कोतवाली पुलिस ने फरार एवं वांछित आरोपितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पांच मामलों के इनामी आरोपी सहित हत्या के प्रयास के प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कार्रवाइयां 13 नवंबर को की गईं।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार ने शनिवार को बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन वयस्क आरोपियों और एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक को गिरफ्तार किया है। वहीं, पांच अलग-अलग अपराधों में फरार चल रहे इनामी आरोपी आकाश उर्फ डूठा को भी पकड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को धरमपुरा निवासी कृष्णपाल सिंह ठाकुर (29) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते कपिल प्रजापति, शुभम प्रजापति, एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक, रवि प्रजापति, राजकुमार प्रजापति, सुनील प्रजापति, बालचंद प्रजापति और किशन प्रजापति ने उन पर तथा उनके साथियों पर जान से मारने की नीयत से हमला कर चोटें पहुंचाईं। सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 39 धरमपुरा के निवासी हैं।

पुलिस ने शिकायत पर अपराध क्रमांक 984/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए रवि प्रजापति (34), राजकुमार प्रजापति (32), किशन प्रजापति (31) और एक विधि उल्लंघनकर्ता बालक को गिरफ्तार कर लिया। तीनों वयस्क आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पांच अलग-अलग अपराधों में वांछित इनामी आरोपी आकाश उर्फ डूठा पिता रियाज कुरैशी निवासी बजरिया, वार्ड क्रमांक 07 दमोह को गिरफ्तार किया। आरोपी को कोतवाली थाने के अपराध क्रमांक 858/26, 860/26, 863/26, 511/26 और 409/26 में तलाश किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने 13 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव