home page

दमोह: दस वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा, गांव का ही 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

 | 
दमोह: दस वर्षीय बालक की हत्या का खुलासा, गांव का ही 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार


दमोह, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गूढ़ा में दस वर्षीय बालक अभिषेक अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए गांव के ही 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

हत्या के पीछे मृतक के परिवार और आरोपी के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से चला आ रहा जमीन विवाद तथा दीपावली के दिन पटाखे फोड़ने के दौरान हुई कहासुनी सामने आई है। आरोपी ने बालक को कुरकुरे और अन्य खाद्य सामग्री दिलाने के बहाने खेत में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। मामले में दो अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने पत्रकारों को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 10 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे ग्राम गूढ़ा निवासी अभिषेक अहिरवार पिता बहादुर उर्फ लोकमन अहिरवार, उम्र 10 वर्ष के लापता होने की सूचना थाना तेजगढ़ में प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की थी। लगातार तलाश के दौरान 16 नवंबर को ग्राम गूढ़ा में एक बालक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। पहचान कराए जाने पर शव लापता अभिषेक अहिरवार का निकला।

शव की स्थिति संदिग्ध होने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम के आधार पर प्रथम दृष्टया हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की बात सामने आई। इसके बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(ए) का इजाफा किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान मृतक के परिवार और आरोपी के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से जमीन को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली। इसके साथ ही दीपावली के दिन की एक घटना भी सामने आई। आरोपी अपने घर के सामने पटाखे फोड़ रहा था, तभी अभिषेक साइकिल से वहां से निकला। पटाखे फोड़ने के दौरान व्यवधान होने पर आरोपी की बालक से कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बालक को सबक सिखाने की ठान ली थी।

जांच में सामने आया कि 10 नवंबर को आरोपी कमलेश ने अभिषेक को कुरकुरे और कुछ अन्य खाद्य सामग्री दिलाने का लालच दिया और अपने साथ खेत की ओर ले गया। वहां उसने बालक का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने का प्रयास किया गया।

डायल 112 पर फर्जी कॉल और पुलिस डॉग से मिला सुराग

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने बताया कि मामले की जांच के दौरान आरोपी द्वारा डायल 112 पर फर्जी सूचना दिए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस डॉग भी आरोपी के घर की तरफ पहुंचा था। इसके अतिरिक्त जमीन विवाद और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जोड़कर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में उसके द्वारा सीआईडी जैसे धारावाहिक देखने की जानकारी भी मिली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शव को इधर-उधर करने और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया था।

परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कमलेश पिता मुन्नी अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गूढ़ा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अभिषेक की गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध थाना तेजगढ़ में अपराध क्रमांक 272/26 धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार दो अन्य व्यक्तियों ने आरोपी को साक्ष्य छिपाने में मदद की है, जिनकी गिरफ्तारी शेष है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव