दमोह:नाबालिग से दुष्कर्म मामले में भाजपा समर्थित जनपद सदस्य पर एफआईआर
दमोह, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुजीत कुमार भदोरिया ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के विरुद्ध संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।
एएसपी सुजीत कुमार भदोरिया ने दी जानकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए आज मीडिया से चर्चा के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भदोरिया ने बताया कि मगरोन थाना क्षेत्र की एक 14 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर महिला थाने में जीरो पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने पुष्टि की कि पीड़िता करीब 5 माह की गर्भवती है। एएसपी के अनुसार, आरोपी कुदन आदिवासी, जो कि फतेहपुर क्षेत्र का जनपद सदस्य है, के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
एएसपी भदोरिया ने आगे जानकारी दी कि पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराने के उपरांत उसकी शारीरिक स्थिति और बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन इस मामले में बेहद गंभीर है और आरोपी, जो कि फिलहाल फरार बताया जा रहा है, की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली इस छात्रा के साथ करीब 5 माह पूर्व जनपद सदस्य कुदन आदिवासी (उम्र लगभग 50 वर्ष) ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। बुधवार को छात्रा के पेट में दर्द होने और परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी सत्ताधारी दल भाजपा से समर्थित बताया जा रहा है, जिसके चलते मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी तूल पकड़ लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

