दमोह में बिजली चोरी पर शिकंजा, 12 घरों पर कार्रवाई; विभाग ने पकड़ी दो लाख की राजस्व हानि
दमोह, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग ने गुरुवार को व्यापक जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अधीक्षण अभियंता के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने शहर के कई इलाकों में सघन जांच की, जहां 12 मकानों में बिजली चोरी और विद्युत अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने इन मामलों में करीब दो लाख रुपये की राजस्व हानि दर्ज करते हुए विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण कायम किए हैं।
विद्युत विभाग के अनुसार कार्यपालन अभियंता एम.एल. साहू के मार्गदर्शन में चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। अभियान में सहायक अभियंता राघवेंद्र इडिपाचे, कनिष्ठ अभियंता पूजा खोब्रागड़े और शिवानी गुप्ता सहित लाइन स्टाफ एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
टीमों ने सिंधी कैंप, मंडी एरिया, तीन गुल्ली चौराहा, खजरी मोहल्ला, नया बाजार और सिविल वार्ड सहित कई क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई घरों में मीटर से छेड़छाड़, डायरेक्ट केबल डालकर बिजली उपयोग करने और स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत लोड चलाने के मामले सामने आए। विभागीय अमले ने मौके पर अवैध कनेक्शन काटते हुए तार और वायर भी जब्त किए।
कार्रवाई के दौरान नया बाजार निवासी कैलाश चंद जैन, सिविल वार्ड निवासी रज्जाक खान और भगतराम सिंधी, खजरी मोहल्ला निवासी इस्ताक खान, भरत पटेल, राजेंद्र दागौर, हुकुम सिंह और दस्सू पटेल, सिविल वार्ड क्रमांक-10 निवासी मोहनलाल सेन, तीन गुल्ली निवासी विमला स्वर्णकार तथा मंडी चौराहा निवासी यशवंत सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
विभागीय अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि ऐसे उपभोक्ताओं पर विशेष नजर रखी जा रही है जिनके यहां बिजली की खपत अधिक होने के बावजूद बिल असामान्य रूप से कम आ रहे हैं। घरेलू कनेक्शन पर भारी विद्युत उपकरण और एयर कंडीशनर चलाकर विभाग को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से ट्रांसफार्मर ओवरलोड होते हैं, लाइन लॉस बढ़ता है और लो-वोल्टेज जैसी समस्याएं पैदा होती हैं, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। इसी को देखते हुए दमोह वृत्त में निगरानी और जांच अभियान को और तेज किया गया है।
अधीक्षण अभियंता ने नागरिकों से वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करने और बिजली चोरी की सूचना विभाग को देने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

