home page

दमोह में डोमिनोज पिज्जा सेंटर पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, एक सप्ताह के लिए लाइसेंस निलंबित

 | 
दमोह में डोमिनोज पिज्जा सेंटर पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, एक सप्ताह के लिए लाइसेंस निलंबित


दमोह में डोमिनोज पिज्जा सेंटर पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, एक सप्ताह के लिए लाइसेंस निलंबित


दमोह, 21 सितंबर (हि.स.) मध्‍य प्रदेश के दमोह में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक शिकायत के आधार पर डोमिनोज पिज्जा सेंटर का निरीक्षण कर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की तैयारी, भंडारण और पैकिंग व्यवस्था से जुड़ी कई कमियां सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सेंटर का लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया। साथ ही प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

मामला 12 सितंबर को प्राप्त हुई एक लिखित शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग को बताया था कि डोमिनोज पिज्जा सेंटर से वेज पिज्जा के स्थान पर नॉनवेज पिज्जा डिलीवर किया गया। शिकायत में पिज्जा से अजीब तरह की दुर्गंध आने की बात भी कही गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने सोमवार को सेंटर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम को सेंटर की रसोई में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों की तैयारी को लेकर व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं। विभाग के अनुसार दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों के लिए एक ही फ्रीजर और ओवन का उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों की पैकिंग भी एक ही स्थान पर किए जाने की जानकारी सामने आई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की भी जांच की। टीम ने सेंटर से चीज, सॉस और क्रीम के नमूने लिए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने बताया कि 12 सितंबर को प्राप्त शिकायत के आधार पर सोमवार को डोमिनोज पिज्जा सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, ओवन के उपयोग और पैकिंग व्यवस्था से संबंधित कमियां सामने आईं। इसके चलते सेंटर का लाइसेंस फिलहाल एक सप्ताह के लिए निलंबित किया गया है। प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

उन्‍होंने बताया कि सेंटर से लिए गए चीज, सॉस और क्रीम के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों की अलग-अलग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। अब निगाह प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और सेंटर प्रबंधन द्वारा दिए जाने वाले जवाब पर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव