home page

दमोह:होटल रॉयल दमयंती पैलेस हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय दल गठित, तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट

 | 
दमोह:होटल रॉयल दमयंती पैलेस हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय दल गठित, तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट


दमोह:होटल रॉयल दमयंती पैलेस हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय दल गठित, तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट


दमोह:होटल रॉयल दमयंती पैलेस हादसे की जांच के लिए चार सदस्यीय दल गठित, तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट


दमोह, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह स्थित होटल रॉयल दमयंती पैलेस में शनिवार को कैटरिंग कार्य के दौरान गैस सिलेंडर से हुई अग्नि दुर्घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। घटना की परिस्थितियों, संभावित कारणों, अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आयोजन के दौरान बरती गई सावधानियों की तथ्यात्मक जांच के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश पर चार सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है।

जांच दल में अनुविभागीय दंडाधिकारी दमोह, नगर पुलिस अधीक्षक/अनुविभागीय पुलिस अधिकारी दमोह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद दमोह तथा जिला आपूर्ति अधिकारी दमोह को शामिल किया गया है।

प्रशासन द्वारा गठित दल को घटना की विस्तृत, निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर संयुक्त हस्ताक्षर से जांच प्रतिवेदन तीन दिवस के भीतर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी दमोह के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच के दौरान अग्नि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही होटल में अग्नि सुरक्षा के लिए उपलब्ध फायर अलार्म, आपातकालीन व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जांच की जाएगी।

जांच दल यह भी परीक्षण करेगा कि होटल भवन के निर्माण से पूर्व संबंधित विभाग से फायर अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त किया गया था या नहीं। यदि प्रमाण-पत्र प्राप्त किया गया था तो उसमें निर्धारित सुरक्षा शर्तों तथा उनके पालन की स्थिति का भी परीक्षण किया जाएगा।

इसके अलावा आयोजनकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरती गई थीं या नहीं, कैटरिंग कार्य में गैस सिलेंडर के उपयोग से संबंधित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की भी जांच की जाएगी।

जिला प्रशासन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों को भी जांच प्रतिवेदन में शामिल किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर को होटल रॉयल दमयंती पैलेस में पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान कैटरिंग कार्य के बीच गैस सिलेंडर में आग लगने की घटना हुई थी। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची थी तथा घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया था। घटना में दो लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव