दमोहः अंधे हत्याकांड का खुलासा, नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार
दमोह, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में हुए अंधे हत्याकांड का बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में औपचारिक रूप से खुलासा किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि मामले में एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि 4 मार्च 2026 को होली के दिन शाम करीब 6:30 से रात 9 बजे के बीच देहात थाना क्षेत्र के ग्राम इछना के पास लाल टोरिया-वालाकोट मार्ग पर युवक चंदू रैकवार की अज्ञात आरोपियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। प्रारंभ में कोई ठोस सुराग न मिलने के कारण इसे अंधे हत्याकांड के रूप में दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
नाबालिग मुख्य आरोपी, 5 गिरफ्तारएडिशनल एसपी भदोरिया ने बताया कि इस हत्याकांड में एक नाबालिग मुख्य आरोपी है, जबकि अन्य आरोपी सह-आरोपी हैं। पुलिस ने शिवम विश्वकर्मा (21), पप्पू आदिवासी (19), अरविंद चौरसिया (24), अभय शुक्ला (20) और लकी यादव (22) को गिरफ्तार किया है। एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
उन्होंने कहा कि मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

