दमोहः अवैध मिट्टी परिवहन रोकने पहुंचे बीट गार्ड को ट्रैक्टर से कुचला, चालक गिरफ्तार
दमोह, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में वन मंडल के बांसा सर्कल की बासनी बीट में मंगलवार रात अवैध रूप से बलुआ मिट्टी का परिवहन रोकने पहुंचे वनरक्षक को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। इससे बीट गार्ड हर्ष राजपूत (35) नीचे गिर गए और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया। घटना में वे घायल हो गए। वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल बीट गार्ड हर्ष राजपूत ने बताया कि मंगलवार रात वे रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान सुरक्षा श्रमिक के पास मुखबिर का फोन आया कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में वन भूमि से अवैध रूप से बलुआ मिट्टी ले जाई जा रही है। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर को रोकने के लिए जैसे ही वे उसके सामने खड़े हुए, चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वे नीचे गिर गए और ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया।
घटना के दौरान सुरक्षा श्रमिक बीट गार्ड को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। दमोह के डीएफओ ईश्वर जरांडे ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल बीट गार्ड का हाल जाना।
डीएफओ ईश्वर जरांडे ने बताया कि ट्रैक्टर चालक दीपक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के बाद आरोपित को पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर विवेक राय ने बताया कि बीट गार्ड के पैर में दो-तीन स्थानों पर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका उपचार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

